रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र के एक गाँव में शनिवार देर रात 35 वर्षीय महिला के साथ उसके परिचित और उसके चार दोस्तों ने एक परित्यक्त स्कूल में कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने बारी-बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया और जब वह बेहोश हो गई, तो सभी फरार हो गए। होश में आने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद रविवार सुबह चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, एक अन्य अज्ञात आरोपी अभी भी फरार है।
आरोपियों में से एक महिला का जानकार था। शनिवार दोपहर वह उसे पिरान कलियर ले जाने के बहाने बाहर ले गया। शाम ढलने पर वह उसे परित्यक्त स्कूल ले गया। बाद में उसके तीन साथी भी वहाँ पहुँच गए और सभी ने मिलकर महिला के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया।पीड़िता बनजारा समुदाय से है और हरिद्वार ज़िले के एक गाँव की निवासी है।
पुलिस ने बताया कि चार नामज़द और एक अज्ञात आरोपी के ख़िलाफ़ बीएनएस की धारा 70-1 (सामूहिक दुष्कर्म) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के मेडिकल परीक्षण में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। चारों आरोपियों को गिरफ़्तार कर अदालत में पेश किया गया है। वहीं, अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है। यह जानकारी पिरान कलियर थाने के प्रभारी रवींद्र कुमार ने दी।
(पीड़िता की पहचान उजागर नहीं की गई है, ताकि उसकी निजता बनी रहे। यह सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है, जो यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों में लागू होते हैं।)




