देहरादून। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय यात्रा पर देवभूमि उत्तराखंड आ रही हैं। उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां ज़ोरों पर हैं। आज इस संबंध में मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायज़ा लिया।
इधर, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने भी राष्ट्रपति के दौरे को लेकर समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आपको बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू की यह यात्रा 2 नवंबर से 4 नवंबर तक प्रस्तावित है।
2 नवंबर को राष्ट्रपति हरिद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।
3 नवंबर को वे देहरादून पहुंचकर उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी।
4 नवंबर को राष्ट्रपति नैनीताल में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
यह दूसरा अवसर होगा जब उत्तराखंड विधानसभा के सदस्यों को देश की राष्ट्रपति संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जिन स्थानों पर उनके कार्यक्रम निर्धारित हैं, वहां सुरक्षा, स्वागत और प्रोटोकॉल की तैयारियों को लेकर लगातार समीक्षा बैठकों का सिलसिला जारी है।




