देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन कर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में महेंद्र भट्ट ने देहरादून के एसएसपी से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी को दिए गए पत्र में महेंद्र भट्ट ने बताया कि रविवार को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उनके निजी फोन पर लगातार कॉल आ रहे थे। फोन करने वाला व्यक्ति गाली-गलौज और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा था। कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना।
भट्ट ने आशंका जताई है कि यह हरकत किसी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से जहां उनकी राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं उनके जीवन को भी खतरा हो सकता है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि किसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी द्वारा उक्त व्यक्ति को उकसाकर फोन कराया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोपी का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए जल्द और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
धमकी बर्दाश्त नहीं: चौहान
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग और जानलेवा धमकी पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में इस तरह के व्यवहार को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। देवभूमि की संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं। पार्टी को उम्मीद है कि पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।



