देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पौड़ी जिले के डोभ स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज का नाम स्व. अंकिता भंडारी के नाम पर रखा गया है। अब यह संस्थान “शहीद अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज, डोभ (श्रीकोट)” के नाम से जाना जाएगा।
इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह निर्णय जनभावनाओं और अंकिता भंडारी के माता-पिता की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
उधर, राज्य सरकार ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच शुरू करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा दी है। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई और सहयोग के निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजपुर रोड स्थित एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि यह एक अत्यंत संवेदनशील मामला है और इससे सबसे अधिक पीड़ा अंकिता के माता-पिता को हुई है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा उठाई गई मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राजनीतिक दलों से अपील की कि इस तरह के संवेदनशील मामले में राजनीति न करें। उन्होंने कहा कि ऑडियो सामने आने के बाद राज्य में अस्थिरता का माहौल बनाने वालों को जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य सहित अन्य आरोपी जेल में हैं और पूरे मामले की जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रही है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



