बाजपुर। ग्राम बन्नाखेड़ा में एक खनन कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक घटना के समय घर में अकेले थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने गए हुए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के कारणों को लेकर जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बन्नाखेड़ा निवासी 40 वर्षीय गुरजीत सिंह रविवार दोपहर घर पर अकेले थे। इसी दौरान घर में रखे एक अवैध तमंचे से कनपटी पर गोली चलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जब परिवार के सदस्य गुरुद्वारा से लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां खून से लथपथ गुरजीत सिंह का शव पड़ा मिला।
शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह, सीओ विभव सैनी, कोतवाल नरेश चौहान और बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी अशोक कांडपाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया गया कि गुरजीत सिंह उत्तर प्रदेश के स्वार (रामपुर) क्षेत्र में साझेदारी में स्टोन क्रशर स्थापित करने की तैयारी कर रहे थे और शनिवार को ही उन्हें क्रशर लगाने की अनुमति मिली थी। वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और चंडीगढ़ के एक अस्पताल से इलाज भी चल रहा था। उन्हें नींद न आने की समस्या भी बताई जा रही है।कहां से आया अवैध तमंचा, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि गुरजीत सिंह किराए के मकान में रह रहे थे, जबकि उनका स्वयं का मकान बन्नाखेड़ा में निर्माणाधीन है। प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के हस्तक्षेप के कोई संकेत नहीं मिले हैं।
घटना में प्रयुक्त तमंचा अवैध पाया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हथियार मृतक के पास कहां से आया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों, मृतक की मानसिक स्थिति और अवैध हथियार की आपूर्ति से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।



