राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि गुंजन हत्याकांड, अर्जुन हत्याकांड और अब विक्रम शर्मा की हत्या ने शहर की शांति और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पॉश इलाके राजपुर रोड पर हुए गोलीकांड से एक बार फिर सनसनी फैल गई। राजधानी में 11 दिनों के भीतर दिनदहाड़े हत्या की यह तीसरी घटना है, जिससे शहर में दहशत का माहौल है।
घटना की खबर फैलते ही लोगों के बीच चर्चा का विषय यही रहा कि शांत माने जाने वाले दून में अपराधी इतने बेखौफ कैसे हो गए। लगातार हो रही वारदातों के बाद आमजन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
देहरादून के एसएसपी बदले, बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादले
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बाद सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को हटा दिया है। उनकी जगह प्रमेंद्र डोबाल को नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। अजय सिंह को एसएसपी एसटीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का एसएसपी बनाया गया है। ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना नियुक्त किया गया है, जबकि उनकी जगह अजय गणपति कुम्भार को ऊधमसिंह नगर भेजा गया है।
चंपावत के एसपी रहे अजय गणपति कुम्भार के स्थान पर चंपावत में रेखा यादव को नई जिम्मेदारी दी गई है, जो पहले पिथौरागढ़ में तैनात थीं।
सरकार का कहना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए यह प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।




