शहर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस आज विशाल रैली निकालने जा रही है। रैली के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रैली के दौरान जिन मार्गों से जुलूस गुजरेगा, वहां अस्थायी रूप से यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
रैली के दौरान लागू रहेगा यह डायवर्जन प्लान
- रैली जब परेड ग्राउंड से निकलेगी, तो ओरियंट चौक से कनक चौक जाने वाले यातायात को ग्लोब चौक के रास्ते भेजा जाएगा।
- लैंसडाउन चौक और बुद्धा चौक से आने-जाने वाले यातायात को भी डायवर्ट किया जाएगा।
- रैली के कनक चौक पहुंचने पर पेसिफिक तिराहा से कनक चौक जाने वाले वाहनों को तनेजा ऑप्टिकल कट से रोजगार तिराहा की ओर भेजा जाएगा।
- रैली के ओरियंट चौक पहुंचने पर कनक चौक से ओरियंट चौक तथा ग्लोब चौक से ओरियंट चौक जाने वाले यातायात को पेसिफिक तिराहा के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
- घंटाघर से ओरियंट चौक जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर भेजा जाएगा।
- रैली के ओरियंट चौक से आगे बढ़ने पर ग्लोब चौक से आने वाले यातायात को पेसिफिक तिराहा के रास्ते भेजा जाएगा।
- रैली के ग्लोब चौक पहुंचने पर ग्लोब चौक से बहल चौक जाने वाले वाहनों को पेसिफिक तिराहा से बैनीबाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- रैली के पीछे किसी भी प्रकार का यातायात नहीं चलने दिया जाएगा।
- रैली के बहल चौक पार करने के बाद राजपुर रोड और बैनीबाजार चौक से आने वाले वाहनों को रोक-रोककर निकाला जाएगा।
- एनेक्सी तिराहा से हाथीबड़कला की ओर कोई भी वाहन नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को सीएसडी तिराहा और वाटिका तिराहा होते हुए बिंदाल की ओर भेजा जाएगा।
- रैली के दिलाराम चौक पहुंचने पर कालीदास तिराहा से दिलाराम जाने वाले यातायात को पथरियापीर और नेशविला रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था में सहयोग दें।




