रुद्रपुर। जिले की सड़कों पर तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपरों के बढ़ते खतरे को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मामले का कड़ा संज्ञान लेने के बाद प्रशासन और पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिले के सभी पुलिस क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को आदेश जारी किए हैं कि ओवरलोड, ओवरस्पीड, ड्रिंक एंड ड्राइविंग और अनफिट डंपरों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से सख्त अभियान चलाया जाए। यातायात नियमों के पालन के लिए 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक महीने में कई हादसे, सख्ती के निर्देश
पिछले एक महीने में जिले में डंपरों की बेलगाम रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के कारण कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं। इस मुद्दे को लेकर मीडिया में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं संज्ञान लिया।
शनिवार को ऊधम सिंह नगर कार्निवाल में रुद्रपुर पहुंचे मुख्यमंत्री रात में खटीमा रवाना हो गए और रविवार सुबह अपने आवास पर मौजूद एसएसपी अजय गणपति को सख्त निर्देश दिए कि जिले में बेलगाम रफ्तार पर नियंत्रण किया जाए और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो।
24 घंटे निगरानी, तय होगी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही एसएसपी ने रोडमैप तैयार कर जिला मुख्यालय लौटते ही सभी सीओ, कोतवाल और थानाध्यक्षों के साथ बैठक की। निर्देश दिए गए कि—
- उन मार्गों और स्थानों को चिन्हित किया जाए, जहां से सर्वाधिक ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहन गुजरते हैं।
- जिले के सभी दुर्घटना संभावित ‘डेंजर स्पॉट’ चिह्नित किए जाएं।
- 24 घंटे विशेष निगरानी रखी जाए और नियमित अपडेट साझा किया जाए।
साथ ही स्पष्ट किया गया कि यदि ओवरलोड, ओवरस्पीड या ड्रिंक एंड ड्राइविंग के कारण कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।




