नई टिहरी स्थित जिला न्यायालय में बम होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एलआईयू (स्थानीय खुफिया इकाई) की टीम मौके पर पहुंची और पूरे न्यायालय परिसर की सघन तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद न्यायालय प्रशासन, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
नई टिहरी जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि कोर्ट में बम रखे जाने की सूचना ई-मेल के माध्यम से मिली थी। सूचना के बाद पूरे कोर्ट परिसर को खंगाला गया, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और निगरानी बनाए रखी गई है।
उत्तरकाशी जिला न्यायालय को भी मिली बम की धमकी, मुकदमा दर्ज
उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भी सोमवार को बम और आरडीएक्स होने की धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही परिसर में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत कोर्ट परिसर को खाली कराया और जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मेल में करीब 12 किलो आरडीएक्स लगाए जाने की बात कही गई थी। एसपी कमलेश उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और कोर्ट रोड पर यातायात रोक दिया गया। अग्निशमन दल भी तैनात किया गया।
देहरादून से आई बम निरोधक टीम ने देर शाम तक परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस संबंध में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा ई-मेल कहां से भेजा गया था और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




