रुड़की में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दिल्ली-रुड़की राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलती ऑल्टो कार में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि फायर स्टेशन रुड़की की त्वरित कार्रवाई से बड़ा अग्निकांड टल गया।
शनिवार देर शाम करीब सात बजे फायर स्टेशन रुड़की को सूचना मिली कि दिल्ली रोड पर होटल पेसिफिक के पास एक ऑल्टो कार में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दो मोटर फायर इंजन मौके के लिए रवाना किए गए। घटनास्थल पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
पेट्रोल टैंक फटने से बचाया, कोई जनहानि नहीं
दमकल कर्मियों की सूझबूझ से कार के पेट्रोल टैंक को फटने से बचा लिया गया, अन्यथा बड़ा विस्फोट हो सकता था। हालांकि आग की चपेट में आने से कार के टायर, सीटें, वायरिंग, इंजन और अंदर रखा सामान पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
कार स्वामी संजय मंगलौर से रुड़की एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। होटल पेसिफिक के पास अचानक कार से धुआं निकलता देख उन्होंने सतर्कता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और तुरंत बाहर निकल आए। देखते ही देखते कार ने विकराल रूप ले लिया।
सूचना पर कोतवाली मंगलौर की पुलिस भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की तत्परता से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिसे बड़ी राहत माना जा रहा है।




