आगामी वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुम्भ मेले के दृष्टिगत देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए मेला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कुम्भ मेले के दौरान रेल मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए हरिद्वार सहित आसपास के रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की कवायद तेज कर दी गई है।
इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शुक्रवार को मेला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे द्वारा प्रस्तावित व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप आगामी कुम्भ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर संबंधित विभागों को सौंपे गए कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुम्भ मेले से संबंधित अधिकांश स्थायी कार्यों को राज्य सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार रेलवे स्टेशन श्रद्धालुओं के आगमन का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहराव स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रतीक्षा क्षेत्र और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन और यातायात संचालन की कार्ययोजना की नियमित समीक्षा करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

विशेष ट्रेनों, होल्डिंग एरिया और सुरक्षा प्रबंधन पर जोर
मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कुम्भ अवधि में ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित की जाए और आवश्यकता पड़ने पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाए। प्लेटफॉर्म एवं स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की नियमित सफाई और प्रतीक्षालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही आगमन एवं प्रस्थान मार्गों का सुव्यवस्थित प्रबंधन, पर्याप्त होल्डिंग एरिया की व्यवस्था, टिकट काउंटरों की संख्या में वृद्धि, हेल्पडेस्क का प्रभावी संचालन तथा उद्घोषणा प्रणाली को सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया गया।
दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष सहायता काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जीआरपी और आरपीएफ के साथ समन्वय कर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। साथ ही मोतीचूर, ज्वालापुर और रायवाला रेलवे स्टेशनों को भी सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन अधीक्षक श्री दिनेश कुमार ने बताया कि कुम्भ मेले को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के सुदृढ़ीकरण के कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए लगभग 10 हजार यात्रियों की क्षमता का होल्डिंग एरिया बनाए जाने की योजना है।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती सहित मेला प्रशासन, रेलवे और जीआरपी के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मेलाधिकारी एवं अपर मेलाधिकारी ने लालजीवाला क्षेत्र, भीमगोड़ा बैराज और रोड़ी बेलवाला-खड्डा पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।




