रानीपुर क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर (महदूद) में चल रही हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। 24 फरवरी 2026 को आयोजित हिंदी विषय की परीक्षा में 4 युवतियां और 3 युवक अन्य परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। आरोपी प्रवेश पत्रों पर अपने फोटो चस्पा कर परीक्षा दे रहे थे। इस दौरान एक संदिग्ध मौके से फरार हो गया।
मुकदमा दर्ज, फरार आरोपी की तलाश जारी
कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र द्विवेदी की तहरीर पर कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 59/2026 के तहत धारा 318(2), 319(2), 61(2) बीएनएस एवं सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की धारा 3/6 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सभी 7 नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके पास से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




