रुड़की। मंगलौर कोतवाली परिसर में भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसानों ने ट्यूबवेल मोटरों की बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों में मंगलौर क्षेत्र के कई गांवों में खेतों में लगे ट्यूबवेलों की मोटरें चोरी हो चुकी हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे किसानों में भारी नाराजगी है।
एक सप्ताह की चेतावनी, पुलिस ने तीन दिन में खुलासे का दिया आश्वासन
धरने पर बैठे किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर चोरी गई मोटरों की बरामदगी नहीं हुई, तो वे कोतवाली परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। किसानों ने कहा कि ट्यूबवेल मोटर उनकी खेती की रीढ़ है और लगातार हो रही चोरी से उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों और किसान नेताओं के बीच वार्ता हुई। पुलिस ने तीन दिनों के भीतर चोरी के मामलों का खुलासा करने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद फिलहाल किसानों ने धरना स्थगित कर दिया है, हालांकि उन्होंने अपनी चेतावनी बरकरार रखी है।




