रूड़की के भगवानपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ट्रक चालक ने गुस्से में आकर अपने ही साथी को ट्रक से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
घटना 4 मार्च की बताई जा रही है। प्रताप कॉलोनी निवासी एक महिला ने भगवानपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि ट्रक नंबर UP17 BT 8882 के चालक राजीव ने उसके पति राहुल कुमार को भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर मार डाला। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
भगवानपुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजीव को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक राहुल उसके साथ अक्सर शराब पीता था और नशे में उसकी भांजियों के बारे में अश्लील टिप्पणियां करता था। कई बार समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
आरोपी के अनुसार होली के दिन दोनों भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान राहुल ने फिर से उसकी भांजियों को लेकर आपत्तिजनक बातें करनी शुरू कर दीं। गुस्से में आरोपी ने पहले राहुल को ट्रक से उतारा और जैसे ही वह टोल की ओर जाने लगा, आरोपी ने ट्रक चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक लेकर नन्हेड़ा रोड पहुंचा और वहीं ट्रक खड़ा कर सो गया। पुलिस ने जांच के दौरान ट्रक को भी बरामद कर लिया है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

