रूड़की के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के महज 24 घंटे के भीतर झबरेड़ा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार कस्बा झबरेड़ा निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि आरोपी शिवांश ने उसके साथ और उसके घर आए मेहमानों के साथ गाली-गलौच की और इसके बाद फायरिंग कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए झबरेड़ा कला बाईपास से आरोपी शिवांश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
यह पूरी कार्रवाई थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
झबरेड़ा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




