हरिद्वार: कुंभ मेला–2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली देव डोलियों की गंगा स्नान यात्रा और भव्य शोभायात्रा मेले का प्रमुख आकर्षण होगी। राज्य की लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से मेला प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी सिलसिले में मेला अधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन हरिद्वार में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में देव डोलियों की शोभायात्रा और स्नान कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। इसमें जनप्रतिनिधियों, लोक संस्कृति से जुड़ी समितियों, मेला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को करीब से देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को भव्य बनाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
वहीं लैंसडाउन के विधायक दिलीप रावत ने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही देव डोली समितियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
मेला प्रशासन का कहना है कि कुंभ मेला–2027 को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार काम किया जा रहा है।




