मदरहुड विश्वविद्यालय के रिम्स स्प्लिट कैंपस में जनता चैरिटेबल ब्लड सेंटर, विश्वविद्यालय की एनएसएस एवं यूथ रेडक्रॉस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा ने रुद्राक्ष के पौधे का रोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जिंदगी बचाने में सहायक हो सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
रक्तदान शिविर में कुल 83 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें चिकित्सकीय जांच के बाद 55 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए समाज सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जनता चैरिटेबल ब्लड सेंटर की टीम के दीक्षित सैनी, अभिनव, राकेश, रॉबिन, अंकुर, दीपांशु और वंशिका ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस मौके पर प्रो. (डॉ.) मुकेश चंद्र शर्मा, डॉ. बिमला पांडेय, डॉ. अमित शर्मा, डॉ. ज्ञानेंद्र, शिक्षकगण, एनएसएस एवं यूथ रेडक्रॉस के स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।




