पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें दो बाइक हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र और एक बाइक मंगलौर क्षेत्र से चोरी की गई थी।
जानकारी के अनुसार, सहारनपुर निवासी विजय कुमार ने अशोकापुरम क्षेत्र से अपनी स्प्लेंडर बाइक चोरी होने की शिकायत मंगलौर कोतवाली में दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार जांच की।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत शातिर वाहन चोर गौतम सहरावत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गौतम सहरावत के खिलाफ पहले से चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

