हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले कई महीनों से केवल बैठक और निरीक्षण का खेल खेलती रही, लेकिन यात्रा शुरू होने के चार दिन के भीतर ही व्यवस्थाओं की पोल खुल गई।
आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि यात्रा मार्गों पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। शौचालयों में पानी नहीं है, दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी हैं और स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह नदारद हैं। उन्होंने कहा कि किसी श्रद्धालु की मृत्यु होने पर शव घंटों तक वहीं पड़ा रहता है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है, लेकिन वर्तमान हालात बेहद चिंताजनक हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की किल्लत है, आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ चुके हैं और हेलीकॉप्टर सेवा, ऑनलाइन बुकिंग व रजिस्ट्रेशन जैसी व्यवस्थाओं में भारी अव्यवस्था और लूटखसोट देखने को मिल रही है।
कांग्रेस ने सरकार से अपील की कि इवेंट और प्रचार से आगे बढ़कर जमीनी स्तर पर काम किया जाए तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आलोक शर्मा ने यह भी कहा कि पिछली बार की अव्यवस्थाओं से भी सरकार ने कोई सबक नहीं लिया, जिससे यात्रा पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।




