भगवानपुर क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के एक पीआरडी जवान और एक ग्रामीण ने रुड़की की एक गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर गैस सिलेंडर न देने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने एसडीएम भगवानपुर को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम हबिबपुर निवादा निवासी रवि सैनी ने बताया कि उन्होंने रुड़की की एक गैस एजेंसी में गैस कनेक्शन ले रखा है। वह मोबाइल के जरिए ऑनलाइन गैस बुक करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन बुकिंग नहीं हो सकी। इसके बाद वह 4 अप्रैल को एजेंसी पहुंचे और कर्मचारियों से सिलेंडर बुक न होने की समस्या बताई, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिसके बाद वह वापस घर लौट आए।
आरोप है कि उसी रात एजेंसी के एक कर्मचारी ने रवि सैनी को फोन कर गाली-गलौज की। इससे आहत होकर उन्होंने एसडीएम को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, भगवानपुर के ही एक अन्य ग्रामीण ने भी उसी गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर सिलेंडर न देने का आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की है। प्रशासन ने दोनों शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।




