भगवानपुर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक कंपनी में लिफ्ट टूटने से दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने घायलों के इलाज की जिम्मेदारी नहीं ली, जिसके बाद परिजनों ने कंपनी गेट पर धरना शुरू कर दिया।
भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर के पास स्थित बीएमएल कंपनी में बीती शाम अचानक लिफ्ट टूट गई। इस दौरान लिफ्ट में सवार दो श्रमिक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान रितिक कुमार और यश त्यागी के रूप में हुई है, जो लंबे समय से कंपनी में कार्यरत थे।
हादसे के बाद दोनों को करोंदी के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने इलाज की कोई जिम्मेदारी नहीं ली, जिससे परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है।
इसी के विरोध में पीड़ित परिजन और ग्रामीण कंपनी गेट पर पहुंचे और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




