रुड़की। रुड़की से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। सिविल अस्पताल रुड़की में तैनात एक चिकित्सक को रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। देर रात देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते ही डॉक्टर को पकड़ लिया और पूछताछ के लिए देहरादून ले गई।
शनिवार रात करीब 10 बजे विजिलेंस देहरादून की टीम ने सिविल अस्पताल रुड़की में कार्रवाई करते हुए इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. आभास सिंह को गिरफ्तार किया। आरोप है कि डॉ. आभास सिंह ने मारपीट के एक मामले में घायल व्यक्ति की सप्लीमेंट्री मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने के बदले 40 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस देहरादून से की थी।
शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 20 हजार रुपये दिए गए। डॉक्टर ने शिकायतकर्ता को सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक के पास बुलाया और फिर अपने घर की ओर चलने को कहा। जैसे ही डॉक्टर ने शिकायतकर्ता से रुपये लिए, विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी डॉक्टर के घर की भी तलाशी ली। इसके बाद डॉक्टर को पूछताछ के लिए देहरादून ले जाया गया। बताया जा रहा है कि डॉ. आभास सिंह करीब एक माह पहले ही मसूरी अस्पताल से ट्रांसफर होकर रुड़की सिविल अस्पताल आए थे। उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और उनका स्थानांतरण भी साथ में ही हुआ था।
इस मामले पर सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि विजिलेंस टीम की कार्रवाई की जानकारी मिली है। सिविल अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर रिश्वतखोरी का मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।



