यमुनोत्री हाईवे पर डामटा के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विकासनगर से 27 स्कूली बच्चों को लेकर लाखामंडल दर्शन के लिए जा रही एक बस पर अचानक पहाड़ी से बोल्डर और चट्टानी मलबा गिर पड़ा। एक बड़ा बोल्डर बस का शीशा तोड़ते हुए अंदर तक घुस गया, जिससे बस में सवार बच्चों में दहशत फैल गई।
गनीमत रही कि बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को नियंत्रित कर सड़क किनारे सुरक्षित रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा डामटा के पास उस स्थान पर हुआ, जहां राजमार्ग चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। कार्य के दौरान पहाड़ी से गिरा मलबा बस संख्या UK07 PA 0039 पर आ गिरा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजमार्ग चौड़ीकरण के चलते इस क्षेत्र में लगातार वाहनों पर खतरा बना हुआ है।
वहीं, थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत ने बताया कि घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है। सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरी बस से लाखामंडल दर्शन के लिए रवाना कर दिया गया है।




