देहरादून में हालिया आपराधिक घटनाओं के बाद राज्य सरकार ने पुलिस महकमे में व्यापक स्तर पर तबादले किए हैं। देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को हटाकर उनकी जगह प्रमेंद्र डोबाल को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। अजय सिंह को अब एसएसपी एसटीएफ बनाया गया है।
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। ऊधमसिंह नगर में मणिकांत मिश्रा की जगह अजय गणपति कुम्भार को तैनात किया गया है। कुम्भार पहले चंपावत में एसपी थे।
चंपावत में अब रेखा यादव को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पिथौरागढ़ में अक्षय प्रहलाद कोण्डे को भेजा गया है। रुद्रप्रयाग में निहारिका तोमर को एसपी नियुक्त किया गया है।
बागेश्वर, अल्मोड़ा सहित कई जिलों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा विजिलेंस, अभिसूचना और एसडीआरएफ में भी पदोन्नति और तबादले किए गए हैं।
पुष्कर सिंह धामी की सख्त चेतावनी: कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई करने के बजाय अपराध रोकने के लिए पहले से रणनीति तैयार की जाए।
सीएम ने मुखबिर तंत्र को मजबूत करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को त्वरित और निष्पक्ष न्याय मिलना चाहिए तथा अपराधियों में कानून का सख्त भय होना आवश्यक है।
सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक मजबूत हो तथा जनता का भरोसा पुलिस व्यवस्था पर बना रहे।





