हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से यात्रियों को निशाना बना रहे एक शातिर जहरखुरान को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती ने बताया कि आरोपी मासूम बच्ची को साथ रखकर यात्रियों का भरोसा जीतता था और फिर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं को बेहोश कर देता था। बेहोशी की हालत में वह उनके आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो जाता था।
पिछले कई महीनों से विभिन्न राज्यों में वारदातों को अंजाम देने वाला यह आरोपी हर बार पुलिस को चकमा देने में सफल रहा, लेकिन हरिद्वार जीआरपी ने करीब 800 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उसकी पहचान पुख्ता कर ली। जैसे ही वह दोबारा शिकार की तलाश में स्टेशन पहुंचा, पुलिस ने उसे धर दबोचा।
कई राज्यों में वारदातें, अन्य मामलों की भी जांच जारी
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर ही कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इनमें लक्सर और उत्तर प्रदेश से आई बुजुर्ग महिलाएं भी उसका निशाना बनी थीं। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से नशीली गोलियां, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किया गया है।
जीआरपी कप्तान अरुणा भारती के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों की भी गहन पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में जहरखुरानी से संबंधित और भी खुलासे हो सकते हैं।




