रुड़की में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दिल्ली–रुड़की राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलती एक ऑल्टो कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना देर शाम करीब सात बजे की है। फायर स्टेशन रुड़की को सूचना मिली कि दिल्ली रोड स्थित होटल पेसिफिक के पास एक कार में आग लग गई है।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर तत्काल मौके के लिए रवाना किए गए। घटनास्थल पर पहुंचकर दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। उनकी सूझबूझ के चलते कार के पेट्रोल टैंक को फटने से बचा लिया गया, अन्यथा बड़ा विस्फोट हो सकता था।
सूझबूझ से बची जान, वाहन पूरी तरह जलकर खाक
कार स्वामी संजय मंगलौर से रुड़की एक शादी समारोह में जा रहे थे। होटल पेसिफिक के पास अचानक कार से धुआं निकलता देख उन्होंने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकल आए। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई।
आग की चपेट में आने से कार के टायर, सीटें, वायरिंग, इंजन सहित वाहन में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली मंगलौर पुलिस भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की तत्परता और चालक की सूझबूझ के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिसे बड़ी राहत माना जा रहा है।




