दशोली विकास खंड की ग्राम पंचायत सैकोट की महिला मंगल दल ने गांव में सार्वजनिक कार्यों के दौरान शराब पीने और पिलाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। पंचायत घर के आंगन में महिला मंगल दल अध्यक्ष सतेश्वरी देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया।
प्रस्ताव के अनुसार ग्राम पंचायत क्षेत्र में किसी भी सार्वजनिक आयोजन में शराब परोसने या शराब पीकर माहौल बिगाड़ने पर संबंधित परिवार से 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। महिलाओं ने क्षेत्र में बढ़ते शराब प्रचलन पर चिंता जताते हुए इसे सामाजिक बुराई बताया और सर्वसम्मति से प्रतिबंध लागू करने का निर्णय लिया।
जागरूकता रैली निकालकर दिया नशामुक्ति का संदेश
बैठक में यह भी तय किया गया कि समय-समय पर गांव में शराब के विरोध में जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी। सामाजिक कार्यकर्ता चंडी थपलियाल ने महिलाओं के इस निर्णय को ग्राम पंचायत के हित में बताते हुए इसका समर्थन किया।
बैठक के बाद महिलाओं ने टेंटुणा, सैकोट से होते हुए आमखेत मालधार तक जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को नशामुक्ति का संदेश दिया और गांव को स्वच्छ व सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया।




