हरिद्वार। खानपुर विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुँवर प्रणव सिंह चेम्पियन के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद ने अब सियासी रंग ले लिया है। मामला सड़क से निकलकर मीडिया तक पहुंच गया है।
इसी क्रम में आज सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने एक निजी होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विधायक उमेश कुमार के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी।
“बुलेट नहीं, बैलेट से हो मुकाबला”
प्रेसवार्ता में मौजूद वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि विधायक उमेश कुमार के खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है। उनका कहना था कि उमेश कुमार किसी एक समाज के नहीं, बल्कि 36 बिरादरी के जनप्रिय विधायक हैं, जो हमेशा सर्व समाज के साथ भाईचारे और सौहार्द की राजनीति करते आए हैं।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य किसी की आलोचना करना नहीं, बल्कि विधायक के जनसेवा कार्यों और सकारात्मक पहलुओं को सामने लाना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सख्त लहजे में कहा गया कि यदि विरोधियों को अपनी ताकत पर भरोसा है तो वे “बुलेट नहीं, बैलेट” से मुकाबला करें। जनता ही तय करेगी कि किसे समर्थन देना है।
सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि पूरी विधानसभा की 36 बिरादरी आज भी उमेश कुमार के साथ मजबूती से खड़ी है और आगे भी उनके सम्मान तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहेगी।




