हरिद्वार जिले में होली पर्व के दौरान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। इसी बीच थाना खानपुर क्षेत्र में सीएनजी से भरे दो ट्रकों की भीषण टक्कर हो गई। हालांकि खानपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों ट्रक चालकों की जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:10 बजे लक्सर–पुरकाजी मार्ग पर ब्राह्मणवाली पुलिया के पास तुगलपुर स्थित सीएनजी प्लांट से संबंधित दो भारी वाहन आपस में टकरा गए। दोनों वाहन सीएनजी गैस से पूरी तरह भरे हुए थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। साथ ही दो गैस सिलेंडरों से लगातार गैस रिसाव होने के कारण आग या विस्फोट का खतरा भी बना हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एहतियातन घटनास्थल से करीब 200 मीटर पहले गोवर्धनपुर और खानपुर की ओर से यातायात पूरी तरह बंद कर दिया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड, आपदा नियंत्रण टीम और सीएनजी विशेषज्ञों को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया।
पुलिस और बचाव टीम ने घायल ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही गैस रिसाव को नियंत्रित कराया गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया गया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू कर दिया गया।
पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क में रही। क्षेत्राधिकारी लक्सर, प्रभारी निरीक्षक खानपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, गोवर्धनपुर चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ तथा एफएसओ लक्सर अपनी टीम के साथ स्थिति सामान्य होने तक मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस की त्वरित और साहसिक कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की।




