हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर कुंडी गांव में होली का जश्न उस समय बदरंग हो गया, जब मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। होली खेलने के दौरान शुरू हुई बहस देखते ही देखते उग्र हो गई और दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कुछ ही देर में लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, होली खेलते समय हुई नोकझोंक ने जल्द ही हिंसक झड़प का रूप ले लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में करीब 50 से अधिक लोगों की भीड़ एक-दूसरे पर हमला करती दिखाई दे रही है। हैरानी की बात यह है कि इस मारपीट के दौरान महिलाओं की मौजूदगी भी कैमरे में कैद हुई है, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस संघर्ष में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
पथरी थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



