रुड़की में घरेलू गैस की बुकिंग और सप्लाई में आ रही दिक्कतों को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल के जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने चंद्रशेखर चौक पर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सिर पर गैस सिलेंडर रखकर सरकार और गैस एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गैस की बुकिंग ठीक से नहीं हो पा रही है और जिन उपभोक्ताओं ने बुकिंग कर दी है, उन्हें भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है।
लोगों का कहना है कि घरेलू गैस जैसी जरूरी सुविधा में लापरवाही के कारण आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने और गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस की सप्लाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




