हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की ओर से ‘महिला आयोग आपके द्वार’ अभियान के तहत महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने की।
इस जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना और उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, कार्यस्थल पर शोषण, भरण-पोषण और दहेज उत्पीड़न सहित महिलाओं से जुड़े कई मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान महिला आयोग की अध्यक्ष, सदस्यगण और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं।
साथ ही उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण का भी प्रयास किया गया।




