सल्ट क्षेत्र के तल्ला सल्ट में कूपी बैंड के पास शनिवार सुबह एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के हेड कैशियर की मौके पर ही मौत हो गई। वह थलीसैंड स्थित बैंक शाखा में तैनात थे और काशीपुर अपने घर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह स्टेट हाईवे पर कूपी बैंड के पास कार संख्या UK19B-0880 अचानक असंतुलित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। उधर से गुजर रहे लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत मरचूला पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस का राहत व बचाव दल मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुभाष सिंह बिष्ट पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट, निवासी कचनालगाजी, बिजलीघर काशीपुर (जनपद उधम सिंह नगर) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से तल्ला पटवारी क्षेत्र के सुनवर्मा गांव, तहसील गुजडू धुमाकोट, जनपद पौड़ी गढ़वाल के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार सुभाष सिंह बिष्ट पंजाब नेशनल बैंक की थलीसैंड शाखा में हेड कैशियर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम बैंक का कामकाज निपटाने के बाद वह अवकाश के चलते अपने घर काशीपुर जा रहे थे। इसी दौरान कूपी बैंड के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।




