रुड़की से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां गंगनहर कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से कई अवैध तमंचे, अधबनी पिस्टल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियार बरामद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत गंगनहर कोतवाली पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुनहरा सलेमपुर रोड स्थित एक वर्कशॉप में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने “जेपीएस टोटल सोल्यूशन” वर्कशॉप पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह अवैध तमंचे, एक अधबनी पिस्टल और एक अधबनी .22 बोर राइफल के साथ बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। मौके से जावेद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुश्तैनी तौर पर खराद (मशीन वर्क) का काम करता है और इसी हुनर का इस्तेमाल कर वह अपनी वर्कशॉप में डाई (फॉर्मा) बनाकर अवैध तमंचे और पिस्टल तैयार करता था। पुलिस को मौके से जिंदा और खोखा कारतूस भी मिले हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इन हथियारों की सप्लाई किन लोगों को करता था। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




