रुड़की में हरिद्वार पुलिस ने कप्तान नवनीत सिंह के नेतृत्व में कार लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए हरियाणा के एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मंगलौर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
घटना 14 मार्च 2026 की शाम की है, जब 112 के माध्यम से सूचना मिली कि तीन अज्ञात बदमाशों ने मंगलौर निवासी रोहित कुमार की नेक्सोन कार (DL8C-BL-0846) लूट ली। सूचना मिलते ही कोतवाली मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
फिल्मी अंदाज में भागे बदमाश, फ्लाईओवर के पास छोड़कर फरार
भागते समय बदमाशों ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे कार का अगला टायर फट गया। इसके बावजूद आरोपी तेज रफ्तार में भागते रहे, लेकिन जब उन्हें लगा कि पुलिस ने उन्हें घेर लिया है, तो वे लिब्बरहेड़ी फ्लाईओवर के पास कार छोड़कर खेतों की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से लूटी गई कार बरामद कर मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। डिजिटल साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को चिन्हित कर 15 मार्च को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज पुत्र नरेश निवासी मेहंदीपुर, थाना मुरथल, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे और शौक पूरे करने के लिए अपराध करता था। वह दोस्तों के साथ हरिद्वार घूमने आया था, लेकिन विवाद के बाद उसके साथी उसे छोड़कर चले गए। इसके बाद उसने दिखावे के लिए रुड़की से किराये पर कार बुक की और गुड़ मंडी के पास चालक को धक्का देकर कार लूट ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर हरियाणा के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।




