इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स रिहायशी इलाके में एक घर में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक बच्चे का शव भी बरामद किया गया।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी, तभी चार्जिंग पॉइंट में धमाका हो गया। इसके बाद आग गाड़ी से होते हुए पूरे घर में फैल गई।
घर के अंदर 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर और ज्वलनशील केमिकल भी रखे थे, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया और कई धमाके भी हुए। यह मकान मनोज पुगलिया का बताया जा रहा है, जो पॉलीमर का कारोबार करते थे।
मृतकों और घायलों की जानकारी, कॉलोनी में मातम
हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें:
- मनोज पुगलिया (मकान मालिक)
- सिमरन
- विजय सेठिया
- सुमन सेठिया
- राशि
- छोटू सेठिया
- दो अन्य (पहचान जारी)
वहीं, रेस्क्यू किए गए लोगों में:
- सौरभ
- सुनिता
- सोनिल
पड़ोसियों के अनुसार, सुबह अचानक चीख-पुकार सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो घर में आग लगी हुई थी। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी और खुद भी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी।




