खानपुर के विधायक उमेश कुमार हमेशा कुछ नया और अलग करने के लिए जाने जाते हैं। अपनी विधानसभा और जिले में सर्वधर्म समाज को जोड़ने की दिशा में वे लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को ईद-उल-फितर और नवरात्रि के शुभ अवसर पर उन्होंने एक अनोखी पहल की। ईदगाह में नमाज़ियों और मंदिरों में श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर उन्होंने भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
जहां एक ओर देश के कई हिस्सों से नफरत भरी खबरें सामने आती हैं, वहीं खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार इस तरह के कार्यों से अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। उनके इस प्रयास की खानपुर विधानसभा के लोग जमकर सराहना कर रहे हैं, साथ ही जिले के अन्य क्षेत्रों में भी उनके इस कदम की प्रशंसा हो रही है।
यह पहली बार नहीं है जब उमेश कुमार ने इस तरह की पहल की हो। इससे पहले भी वे बाल्मीकि जयंती, रविदास जयंती, कांवड़ यात्रा और महाकुंभ जैसे विभिन्न धार्मिक आयोजनों के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर चुके हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने हरिद्वार जिले में विभिन्न धर्मों को एक साथ जोड़ने का काम किया है।
उनकी यह पहल समाज में सभी धर्मों के प्रति सम्मान और एकता का संदेश देती है। उत्तराखंड के इतिहास में इसे एक अनूठी पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसे विधायक उमेश कुमार लगातार निभा रहे हैं।




