त्योहारों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में पथरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस ने बादशाहपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से दो अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में यह भी सामने आया कि जिस स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दोनों सवार थे, वह हरियाणा के यमुनानगर से चोरी की गई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल और अभिषेक के रूप में हुई है, जो हरिद्वार के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उनके नेटवर्क और संभावित साजिश का पता लगाया जा सके।
त्योहारों के बीच पुलिस की इस सतर्कता ने एक संभावित बड़ी घटना को समय रहते टाल दिया है।




