हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने आज थाना बुग्गावाला का वार्षिक निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। थाना पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, जबकि सेरिमोनियल ड्रेस में सजी गार्ड ने सलामी देकर निरीक्षण की औपचारिक शुरुआत की।
निरीक्षण के दौरान SSP ने थाना परिसर, कार्यालय, कर्मचारी बैरक और भोजनालय का अवलोकन किया। उन्होंने साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए गर्मियों से पहले पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्यालय में रजिस्टर, दस्तावेजों और CCTNS सिस्टम की जांच करते हुए उन्होंने स्टाफ को सभी रिकॉर्ड समय-समय पर अपडेट रखने और लंबित प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
थाना परिसर में मौजूद शस्त्रों का निरीक्षण करते हुए SSP ने जवानों से शस्त्र खोलने और जोड़ने की प्रक्रिया कराई तथा नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण पर जोर दिया। मालखाने के निरीक्षण में उन्होंने मुकदमाती माल को व्यवस्थित रखने, निस्तारित मामलों के माल का शीघ्र निष्पादन करने और लावारिस वाहनों की नीलामी प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद SSP ने सैनिक सम्मेलन आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही विवेचकों को सख्त निर्देश दिए कि मुकदमों का निस्तारण गुण-दोष के आधार पर निर्धारित समयसीमा में किया जाए।




