धर्मनगरी हरिद्वार में चैत्र नवरात्रि के पांचवें दिन मां भगवती के स्कंदमाता स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। इस पावन अवसर पर शहर के सिद्ध पीठों और प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भक्तजन माता के दरबार में पहुंचकर उनके चरणों में नमन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पूरे हरिद्वार में भक्ति और आस्था का वातावरण देखने को मिल रहा है।
नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजन, दुर्गा सप्तशती पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। दूर-दराज से आए श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर माता के दर्शन कर रहे हैं और प्रसाद अर्पित कर रहे हैं।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है और व्यवस्थाएं बनाए रखने में जुटा हुआ है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




