रुड़की: मंगलौर क्षेत्र में हरियाली पर माफिया का बड़ा हमला सामने आया है। अब्दुल कलाम चौक के पास स्थित एक आम के बाग में रातों-रात दर्जनों पेड़ काट दिए गए, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार सुबह जब स्थानीय लोग बाग में पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। बड़ी संख्या में आम के पेड़ कटे हुए पड़े थे। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में इस घटना को अंजाम दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी क्षेत्र में बागों की अवैध कटाई के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई न होने से ऐसे मामलों पर रोक नहीं लग पा रही है।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से हरियाली को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जिला उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं मंगलौर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।




