रुड़की: पिरान कलियर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। धनौरी-जस्वावाला मार्ग पर हुए इस हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार धनौरी बाजार में जस्वावाला मार्ग पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी, जिसमें दहेज का सामान लोड किया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में पास से गुजर रही एक बाइक भी आ गई। हादसे में बाइक पर बैठी महिला सड़क पर गिर गई और ट्रॉली के नीचे आ जाने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। घायल व्यक्ति को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




