विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, रोशनाबाद में “टीबी मुक्त ग्राम पंचायत – ग्राम प्रधान सम्मान समारोह एवं 100 दिवसीय विशेष अभियान” का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद हरिद्वार को टीबी मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना और ग्राम स्तर तक प्रभावी कार्ययोजना लागू करना है। इस मौके पर टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों, वॉलेंटियर्स, आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि “टीबी हटेगा, देश जीतेगा” केवल नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है, जिसे सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने सभी संबंधित लोगों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भागीदारी से ही इस अभियान को मजबूती मिल रही है। साथ ही जनपद के 37 ग्रामों को टीबी मुक्त बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।
37 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक रणनीति लागू की जा रही है और 100 दिवसीय अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने समय पर जांच, उपचार और जागरूकता को टीबी नियंत्रण का सबसे प्रभावी उपाय बताया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने जानकारी दी कि जनपद में टीबी मरीजों की सक्रिय खोज, निशुल्क जांच और उपचार की सुविधा लगातार उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि 37 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है, जिनमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 ग्राम प्रधानों को सिल्वर ट्रॉफी और 27 ग्राम प्रधानों को कांस्य ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुल्तानपुर सबतवाली के ग्राम प्रधान श्रवण कुमार ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, रमेश कुंवर, शादाब सिद्दीकी, आरती बहल, अनुज सिद्दिकी सहित कई जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे।




