हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा किनारे खुलेआम शराबखोरी का मामला सामने आने के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला थाना बहादराबाद क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां कुछ युवक बेखौफ होकर गंगा किनारे शराब का सेवन करते और मौज-मस्ती करते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यूपी नंबर की गाड़ियों में आए युवक हूटर बजाते हुए और तेज आवाज में फिल्मी गानों पर नाच-गाना करते दिखाई देते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में भी साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक खुलेआम गंगा किनारे पार्टी कर रहे हैं, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र की शांति भंग हो रही है और लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका यह भी सवाल है कि जब पुलिस लगातार कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती के दावे कर रही है तो फिर ऐसे मामलों में कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
लोगों का मानना है कि गंगा जैसी आस्था के केंद्र के किनारे इस प्रकार की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं, बल्कि धार्मिक मर्यादाओं को भी ठेस पहुंचाती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




