रुड़की के पिरान कलियर दरगाह क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। यहां बीडीएस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान डॉग स्क्वॉड की मदद से दरगाह परिसर सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों की गहन जांच की गई। बीडीएस टीम प्रभारी ललित मोहन के नेतृत्व में दरगाह परिसर, मुसाफिरखाना, दरगाह कार्यालय, साबरी गेस्ट हाउस और रैन बसेरों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
डॉग स्क्वॉड में शामिल डॉग ‘रोजर’ ने संदिग्ध वस्तुओं की जांच में अहम भूमिका निभाई। टीम ने क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और उनके सामान की भी बारीकी से जांच की। सुरक्षा के लिहाज से हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आगामी दिनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह रेंडम चेकिंग अभियान चलाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
इस दौरान बीडीएस टीम के नरेंद्र चंद, मंजीत सिंह, दिनेश सिंह और पृथ्वी राज सिंह सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और फिलहाल कलियर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।




