84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के कार्यवाहक कमान अधिकारी कर्नल अमन कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बटालियन के अधीनस्थ केएलडीएवी पीजी कॉलेज, रुड़की के तीन कैडेट्स एवं मेथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज, रुड़की की एक कैडेट का चयन 26 जनवरी को कर्तव्य पथ, नई दिल्ली पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखंड राज्य की झांकी के लिए किया गया है।
रुड़की शहर के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि चारों कैडेट्स — यूओ येशी, यूओ सलोनी रावत, सार्जेंट आशीष उपाध्याय एवं सार्जेंट अंबिका थपलियाल — राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे।
चारों कैडेट्स अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। यूओ येशी उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा में झांकी के अग्रभाग पर दिखाई देंगी, जबकि यूओ सलोनी रावत एवं सार्जेंट आशीष उपाध्याय झांकी के मध्य योग करते हुए प्रस्तुति देंगे। वहीं सार्जेंट अंबिका थपलियाल झांकी में युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कमान अधिकारी कर्नल अमन कुमार सिंह ने चारों कैडेट्स के माता-पिता से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही केएलडीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एम.पी. सिंह एवं सहयोगी एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. नवीन कुमार को इस उपलब्धि पर बधाई प्रेषित की।
इसके अतिरिक्त मेथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव एवं केयरटेकर वंदना चौहान को भी इस उपलब्धि को संस्थान के भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया गया।
एनसीसी कैडेट्स के चयन में वाहिनी के प्रशिक्षण अधीक्षक रवि कपूर का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर सूबेदार मेजर अमर सिंह, सूबेदार पंकज पाल, सूबेदार सुनील कुमार, प्रधान सहायक प्रमोद जोशी, बीएचएम केशवानंद, हवलदार पूर्ण सिंह, हवलदार राजेंद्र, नायक अभिषेक, वरिष्ठ सहायक सुरेश अवस्थी, डीईओ धर्म सिंह, संदीप बुड़ाकोटी, मीनाक्षी, सुनील भाई, राजवीर, सुभाष सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




