रुड़की से बड़ी खबर सामने आई है। अनाज मंडी बीटीगंज स्थित एक गोदाम में गुरुवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र की अनाज मंडी बीटीगंज में एक दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम में रात करीब 12 बजे आग लग गई। गोदाम में चिप्स, मुरमुरे और खील जैसी खाद्य सामग्री का भंडारण किया गया था। आग लगते ही आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत फायर स्टेशन रुड़की को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण यादव के नेतृत्व में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने मोटर फायर इंजन से दो होज पाइप लाइन बिछाकर पानी की बौछार शुरू की।
इस दौरान गोदाम के अंदर धुआं भर जाने के कारण राहत कार्य काफी जोखिम भरा हो गया। फायर कर्मियों ने आयरन कटर की मदद से खिड़की काटकर अंदर रखा सामान बाहर निकाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
हालांकि आग से गोदाम में रखा कुछ चिप्स, मुरमुरे और खील जलकर नष्ट हो गए, जबकि गोदाम की विद्युत वायरिंग और फिटिंग को भी नुकसान पहुंचा है। लेकिन दमकल विभाग की समय पर कार्रवाई से लाखों रुपये का सामान जलने से बच गया और आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।




