लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा फेरूपुर गांव से पहले उस समय हुआ जब मार्बल के पत्थरों से भरा एक मैक्स लोडर अचानक बेकाबू हो गया।
बताया जा रहा है कि मार्बल के पत्थर लेकर जा रहे मैक्स लोडर वाहन का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक लोडर वाहन के नीचे दब गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।




