गैरसैंण में चल रहे उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक प्रदीप बत्रा ने नियम 300 के अंतर्गत रुड़की-लक्सर रोड स्थित ढंढेरा फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है और इसके पास आर्मी सेंटर भी स्थित है, जिससे यहां यातायात का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
विधायक ने सदन को बताया कि सोलानी नदी का पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाली बसें भी ढंढेरा मार्ग से होकर गुजर रही हैं। साथ ही लक्सर कस्बे को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग भी यही है। बीच में रेलवे क्रॉसिंग होने के कारण ढंढेरा फाटक पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं। प्रस्तावित ओवरब्रिज के लिए आर्मी द्वारा लोक निर्माण विभाग को अनापत्ति प्रमाण पत्र भी दिया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक विभाग द्वारा न तो कोई ठोस कार्रवाई की गई है और न ही पुल का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है।
विधायक प्रदीप बत्रा ने सरकार से मांग की कि ढंढेरा फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।




