रुड़की से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नहर किनारे सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अब बड़ा एक्शन होने जा रहा है। सिंचाई विभाग ने साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध रास्तों और कब्जों पर अब सीधे बुलडोजर चलाया जाएगा।
विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर क्षेत्र में सिंचाई विभाग ने भू-माफियाओं के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। गंगनहर पटरी के किनारे कांवड़ पटरी मार्ग पर सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध कॉलोनियां काटने और बिना अनुमति पक्के रास्ते बनाने के मामले सामने आए हैं।
बताया जा रहा है कि कई जगहों पर विभाग की जमीन पर अवैध रूप से रास्ते बना दिए गए और नियमों को ताक पर रखकर कॉलोनियां बसाई गईं। अब इन अवैध रास्तों को बंद करने और कब्जे हटाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
सिर्फ कब्जे ही नहीं, बल्कि नहर पटरी के किनारे बिना अनुमति हरे-भरे पेड़ों की कटाई का मामला भी सामने आया है, जिसकी जांच सिंचाई विभाग ने शुरू कर दी है।
सिंचाई विभाग ने विकास प्राधिकरण को भी साफ निर्देश दिए हैं कि नहर किनारे बसी अवैध कॉलोनियों के नक्शे पास न किए जाएं और उन्हें बिजली-पानी के कनेक्शन भी न दिए जाएं। सिंचाई विभाग के इस कड़े रुख से भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन का बुलडोजर कब से इन अवैध रास्तों और कब्जों पर कार्रवाई शुरू करता है।




